IFFI 2025: कामिनी कौशल, असरानी और श्याम बेनेगल को मिलेगी श्रद्धांजलि

पणजी – 56वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI 2025) में पिछले एक वर्ष में दिवंगत हुईं भारतीय सिनेमा की प्रमुख हस्तियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस कड़ी में दिग्गज अभिनेत्री कामिनी कौशल, हास्य अभिनेता असरानी और समानांतर सिनेमा के स्तंभ श्याम बेनेगल को विशेष रूप से याद किया जाएगा।

कामिनी कौशल को ‘शहीद’ से श्रद्धांजलि
98 वर्षीय कामिनी कौशल का 14 नवंबर 2025 को निधन हुआ था। 1940-50 के दशक की सुपरहिट नायिका रहीं कामिनी कौशल ने 95 वर्ष की उम्र तक अभिनय जारी रखा। उनकी याद में IFFI में 1948 की कालजयी फिल्म शहीद का प्रदर्शन होगा।

यह फिल्म कामिनी कौशल की दिलीप कुमार के साथ पहली फिल्म थी। फिल्मिस्तान बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन रमेश सहगल ने किया था और संगीत गुलाम हैदर का था। “वतन की राह में वतन के नौजवान शहीद हो” जैसे देशभक्ति गीत आज भी लोकप्रिय हैं। रिलीज के समय यह वर्ष 1948 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी थी।
असरानी की छात्र फिल्म ‘फियर’ होगी प्रदर्शित
प्रख्यात हास्य अभिनेता असरानी का 20 अक्टूबर 2025 को निधन हुआ। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए IFFI में उनकी 1965 की फिल्म ‘फियर’ दिखाई जाएगी।
यह फिल्म असरानी के FTII (पुणे) के छात्र जीवन की है और इसका निर्देशन महान फिल्मकार ऋत्विक घटक ने किया था। फिल्म में असरानी के साथ उनके सहपाठी सुभाष घई भी मुख्य भूमिका में हैं। हालांकि दर्शक असरानी को उनकी मशहूर फिल्मों जैसे ‘शोले’, ‘अभिमान’ या निर्देशित फिल्म ‘चला मुरारी हीरो बनने’ से ज्यादा याद करते हैं।

श्याम बेनेगल की सिर्फ एक फिल्म ‘सुसमन’
भारतीय समानांतर सिनेमा के पितामह श्याम बेनेगल का 23 दिसंबर 2024 को निधन हुआ था। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए उनकी 1987 की प्रशंसित फिल्म
सुसमन का प्रदर्शन होगा।
हथकरघा बुनकरों की जिंदगी पर केंद्रित यह फिल्म शबाना आजमी, ओम पुरी और कुलभूषण खरबंदा की दमदार अदाकारी के लिए जानी जाती है। बेनेगल की ‘अंकुर’, ‘निशांत’, ‘मंथन’, ‘भारत एक खोज’ जैसी कई कालजयी कृतियां हैं, इसलिए कई सिने प्रेमी मानते हैं कि उनकी एक से अधिक फिल्में दिखाई जानी चाहिए थीं।
IFFI की यह परंपरा हर साल दिवंगत फिल्मकारों-अभिनेताओं को उनकी फिल्मों के माध्यम से याद करने का एक मार्मिक तरीका रही है। इस वर्ष भी दर्शकों को सिनेमा के इन स्वर्णिम युग के सितारों को फिर से बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा।



