म्युजिक

आशीर्वाद गीतगंगा ग़ज़ल सागर में ‘कृष्ण पद’ का हुआ विमोचन

मुंबई। आज के समय में ऐसे साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन विरले मिलते हैं जहाँ गंभीर साहित्यिक गोष्ठियाँ और उच्चस्तरीय कवि सम्मेलन हो, वहीं आशीर्वाद संस्था द्वारा आयोजित “गीत गंगा ग़ज़ल सागर” ने साहित्य, संगीत और संस्कृति का एक अविस्मरणीय संगम प्रस्तुत किया। यह उद्गार सुप्रसिद्ध भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा जी में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। कार्यक्रम में, 21 वीं सदी के भक्त प्रवर कवि दास नारायण अग्रवाल की कृति “कृष्ण पद” का लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार विपिन गुप्ता ने कहा कि दास नारायण की काव्य परंपरा भारतीय साहित्य को नया आयाम प्रदान करने वाली है और ‘कृष्ण पद’ उसी परंपरा की सशक्त अभिव्यक्ति है। कार्यक्रम में आशीर्वाद संस्था के अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल एवं सुभाष अग्रवाल ने अनूप जलोटा को ‘आशीर्वाद रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया।

अनूप जलोटा ने बिना किसी वाद्य-संगत के अपने लोकप्रिय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। सूफी गायिका कविता सेठ और अभिनेता-गायक अरुण बख्शी ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा।

लगभग चार घंटे तक चले इस साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में देवमणि पांडेय, महेश दुबे, दास नारायण अग्रवाल, ओबेद आज़म आज़मी, नवीन चतुर्वेदी, अर्चना जौहरी, डॉ. शैलेश श्रीवास्तव, रजिया रागिनी, विनोद दुबे, रवि यादव तथा शिवदत्त अक्स ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।

अतिथियों का स्वागत आशीर्वाद संस्था की निदेशिका नीता बाजपेयी, डॉ. बनमाली चतुर्वेदी, डॉ. जे.पी. बघेल, अशोक त्रिवेदी, राजीव रोहित, संगीता बाजपेयी, निरुपमा श्रीवास्तव एवं शेखर श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम का संचालन कुमार जैन ने किया, जबकि राजेश विक्रांत ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

डॉ. उमाकांत बाजपेयी की स्मृति में आयोजित इस समारोह को साहित्यप्रेमियों और श्रोताओं ने भरपूर सराहना दी तथा पूरे कार्यक्रम के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button