कृति सेनन ने बताया, मुक्ति का किरदार क्यों बना उनके करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण रोल

मुंबई – हाल ही में निर्माताओं ने तेरे इश्क़ में का ट्रेलर जारी किया, और रिलीज़ के कुछ ही पलों में इसका प्रभाव सोशल मीडिया पर साफ दिखाई दिया। ए. आर. रहमान के संगीत से सजी यह फिल्म रिलीज़ होने के पहले ही लोगों के दिलों तक उतर गई। मिनटों में ट्रेलर ने टाइमलाइन्स को रोशन कर दिया, चर्चाएँ शुरू हो गईं, फैन थ्योरीज़ बनने लगीं और तीव्र भावनाओं से भरी , इस प्रेमकथा को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखने लगा। आनंद एल. राय के निर्देशन में बनी और भूषण कुमार द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म के ट्रेलर ने सभी प्लेटफ़ॉर्म्स पर 90.24 मिलियन व्यूज़ का आंकड़ा छू लिया ; जो दर्शाता है कि दर्शक इसकी दुनिया से, इसके किरदारों से और भावनाओं से पहले ही गहराई से जुड़ चुके हैं।

इसी चर्चा के बीच, कृति सेनन ने अपने किरदार मुक्ति की परतदार और भावनात्मक यात्रा को लेकर खुलकर बात की। अपनी ईमानदार प्रतिक्रिया साझा करते हुए अभिनेत्री ने कहा,
“मुक्ति का किरदार बहुत विस्तृत ग्राफ रखता है । वह जहाँ से शुरू करती है, जहाँ पहुँचती है, उसकी पसंदें, उसके फ़ैसले… उसमें कई परतें हैं। बहुत-सी बातें कही नहीं जाती, बहुत-सी बातें शब्दों में समझाई नहीं जाती । कई बार संवाद भी नहीं होते और सब कुछ आँखों से व्यक्त करना पड़ता है। यह मेरे लिए नया था और इसे निभाने में मुझे बहुत आनंद आया।”
मुक्ति की भावनात्मक दुनिया को पर्दे पर उतारते समय महसूस हुए बोझ के बारे में कृति ने यह भी बताया कि फिल्म के सबसे तीव्र दृश्यों की शूटिंग मानसिक और शारीरिक रूप से कितनी थका देने वाली थी।
उन्होंने कहा,
“फिल्म में कई बेहद इंटेंस सीन हैं, प्री-क्लाइमैक्स और क्लाइमैक्स, जो काफी लंबे हैं। इन्हें शूट करना बहुत थका देने वाला था और हम इन्हें 5-6 दिनों तक लगातार शूट कर रहे थे। उस सीन में शारीरिक और भावनात्मक ऊर्जा इतनी लगी कि मैं पूरी तरह निढाल हो गई। सीन के बाद वैनिटी में भी उसकी ऊर्जा महसूस होती थी। कई बार घर लौटने पर भी वह एहसास बना रहता था, बहुत भारी-सा लगता था। वह सीन फिल्म की भावनाओं का चरम था, शायद सबसे मुश्किल हिस्सा था, जिसने मुझे सबसे ज़्यादा थका दिया।”
कृति की बातें दिखाती हैं कि तेरे इश्क़ में के लिए उन्होंने कितनी संवेदनशीलता, ईमानदारी और गहराई से काम किया है। रहमान का संगीत पहले ही दर्शकों का दिल जीत चुका है और ट्रेलर लगातार उत्साह बटोर रहा है । ऐसे में मुक्ति के रूप में कृति का अभिनय फिल्म का सबसे प्रभावशाली पहलू बनने जा रहा है, जो सच्चाई, नाज़ुकता और लम्बे समय तक याद रहने वाली भावनाएँ पेश करेगा।
गुलशन कुमार, टी-सीरीज़ और कलर येलो प्रस्तुत तेरे इश्क़ में, आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा द्वारा निर्मित, तथा भूषण कुमार और कृष्ण कुमार द्वारा सह-निर्मित है। फिल्म का निर्देशन आनंद एल. राय ने किया है और लेखन हिमांशु शर्मा तथा नीरज यादव ने। यह ए. आर. रहमान द्वारा संगीतबद्ध म्यूज़िकल है, जिसके गीत इर्शाद कामिल ने लिखे हैं।धनुष और कृति सेनन अभिनीत ‘तेरे इश्क़ में’ 28 नवंबर 2025 को हिंदी और तमिल में विश्वभर में रिलीज़ होगी।