और अवतरित हुए छत्रपति शिवराय…

मुंबई -भव्य मंच, मन मोह लेने वाली रोशनी, मंत्रमुग्ध कर देने वाला वातावरण और ढोल–ताशों की गूंज—सब कुछ दर्शकों को रोमांचित कर देने वाला था। इसी बीच, भव्य परिधान, सिर पर आकर्षक जिरह टोपी, गले में आभूषणों के साथ कौड़ियों की माला, कमर से लटकती भवानी तलवार और घोड़े पर सवार साक्षात छत्रपति शिवाजी महाराज अपने पराक्रमी शिलेदारों के साथ प्रकट हुए और पूरा परिसर जयघोष से गूंज उठा। यह अवसर था आगामी मराठी फिल्म ‘रणपति शिवराय स्वारी आग्रा’ के एक विशेष दृश्य की प्रस्तुति का।

शिवकालीन इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में गर्व से अंकित छत्रपति शिवाजी महाराज की ऐतिहासिक आगरा यात्रा का अध्याय अब भव्य फिल्म ‘रणपति शिवराय स्वारी आग्रा’ के माध्यम से दर्शकों के सामने आने जा रहा है। पैनोरमा स्टूडियोज और मुगाफी के बैनर तले निर्मित तथा दिग्पाल लांजेकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 30 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
लेखक–निर्देशक दिग्पाल लांजेकर की संकल्पना से साकार हुई ‘शिवराज अष्टक’ श्रृंखला की छठी कड़ी ‘रणपति शिवराय स्वारी आग्रा’ में छत्रपति शिवाजी महाराज का प्रथम दर्शन इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने अनुभव किया। इस फिल्म में छत्रपति शिवराय की भूमिका में उभरते हुए अभिनेता अभिजीत श्वेतचंद्र नजर आएंगे।

कार्यक्रम में फिल्म के गीत ‘महारुद्र शिवराय’ का दमदार मंचीय प्रदर्शन भी किया गया। गीत के बोल दिग्पाल लांजेकर ने लिखे हैं, जिसे अवधूत गांधी और अमिता घुगरी की आवाज़ मिली है। संगीत अवधूत गांधी और मयूर राऊत का है। फिल्म के संगीत का वितरण पैनोरमा म्यूज़िक द्वारा किया जा रहा है। वहीं, फिल्म की पटकथा का विश्लेषण ‘मुगाफी पल्स’ एप्लिकेशन के माध्यम से किया गया है।
छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन की घटनाएं पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी और रोमांचक रही हैं। आगरा यात्रा उनके जीवन की सबसे जोखिम भरी घटनाओं में से एक थी, जिसने उनके नेतृत्व, साहस और रणनीतिक कौशल की सच्ची झलक दुनिया को दिखाई। इस फिल्म के माध्यम से महाराज के शौर्य और सूझबूझ भरी रणनीतियों को दर्शक करीब से देख पाएंगे।
पैनोरमा स्टूडियोज और मुगाफी द्वारा निर्मित इस भव्य फिल्म का लेखन–निर्देशन दिग्पाल लांजेकर ने किया है। फिल्म के निर्माता कुमार मंगत पाठक, अभिषेक पाठक (पैनोरमा स्टूडियोज), विपुल अग्रवाल, जेनिल परमार (मुगाफी) और मुरलीधर छतवानी (पैनोरमा स्टूडियोज) हैं। सह-निर्माता के रूप में रवींद्र औटी (पैनोरमा स्टूडियोज), तांशा बत्रा और आलोक शर्मा (मुगाफी) जुड़े हैं।