प्रसार भारती ने IFFI 57 में भारतीय कहानी कहने की कला में नई आवाज़ों को खोजने के लिए ‘पेज से पिच तक’ अभियान शुरू किया
प्रसार भारती ने आज 57वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के अंतर्गत पणजी स्थित कला अकादमी में अपनी पहली पटकथा प्रस्तुति प्रयोगशाला, ‘पेज से पिच तक’ का उद्घाटन किया। प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी द्वारा परिकल्पित इस पहल का उद्देश्य भारत भर के उभरते लेखकों को फीचर फिल्मों, वृत्तचित्रों और लघु फिल्मों सहित दस भारतीय भाषाओं में मौलिक पटकथाएँ प्रस्तुत करने के लिए एक वार्षिक राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है।

इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रसून जोशी ने व्यक्तिगत अनुभवों और सांस्कृतिक दृष्टिकोणों पर आधारित प्रामाणिक कथावाचन के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रसार भारती विशिष्ट आवाजों को पोषित करने और देश के विभिन्न हिस्सों से उभरने वाली कहानियों के लिए एक मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रत्येक क्षेत्र और लोक परंपरा की अपनी विशिष्ट कथाएँ हैं, जिन्हें उनकी मूल संस्कृति की सराहना के माध्यम से सही मायने में बताया और समझा जा सकता है।
दूरदर्शन की महानिदेशक सुश्री रीना सोनोवाल कौली ने स्वागत भाषण दिया और भारत की भाषाई और रचनात्मक विविधता को प्रदर्शित करने में इस पहल की भूमिका पर प्रकाश डाला।
पिचिंग सत्रों में दस प्रतिभागी पद्म श्री मनोज जोशी, अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता; संदीप बालकृष्ण, लेखक, संपादक और भारतीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य में स्वतंत्र शोधकर्ता; श्री नारायण सिंह, फिल्म निर्माता और संपादक जो ‘टॉयलेट : एक प्रेम कथा’ और ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ के लिए जाने जाते हैं ; और अनंत विजय, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता पत्रकार, लेखक और फिल्म समीक्षक, और एफटीआईआई, पुणे की गवर्निंग काउंसिल के उपाध्यक्ष सहित एक प्रतिष्ठित जूरी के समक्ष अपनी मौलिक पटकथाएँ प्रस्तुत करते हैं।
उद्घाटन समारोह में प्रेस सूचना ब्यूरो के प्रधान महानिदेशक श्री धीरेन्द्र ओझा; भारत के प्रधान महानिदेशक और प्रेस रजिस्ट्रार जनरल (पीआरजीआई) श्री योगेश कुमार बावेजा; और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव (प्रसारण एवं प्रशासन) श्री पृथुल कुमार उपस्थित थे।
स्क्रिप्ट पिचिंग लैब का आयोजन 21 से 23 नवंबर, 2026 तक किया जा रहा है। इस वार्षिक पहल के माध्यम से, प्रसार भारती का उद्देश्य उभरते लेखकों को उद्योग जगत के पेशेवरों से जोड़ना और उनके मौलिक विचारों को फीचर फिल्मों, वृत्तचित्रों और लघु फिल्मों सहित स्क्रीन प्रस्तुतियों में विकसित करने के अवसर प्रदान करना है।
