श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी और शान, विजय भोला की डेब्यू फिल्म ‘मिस्टर पानवाला’ के लिए आए साथ
श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी और शान, हिंदी फीचर फिल्म ‘मिस्टर पानवाला’ के लिए एक साथ नजर आएंगे। यह फिल्म U.K के लाइव एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के जाने-माने ऑर्गनाइज़र विजय भोला की निर्देशक के रूप में पहली फिल्म है। U.K के लाइव एशियन म्यूज़िक सीन में 40 साल तक काम करके सफलता हासिल करने के बाद, अब भोला ‘मिस्टर पानवाला’ के साथ सिनेमा की दुनिया में कदम रख रहे हैं। गायत्री भोला और विजय भोला द्वारा प्रोड्यूस की गई यह दिल को छू लेने वाली, म्यूज़िक पर आधारित फिल्म, 3 अप्रैल 2026 को ‘रॉक ऑन म्यूज़िक’ प्रोडक्शन लेबल यूट्यूब चैनल पर दुनियाभर में रिलीज होगी।

मिस्टर पानवाला एक फुल-लेंथ फीचर फिल्म है, जो जो भावनाओं, परंपरा और परिवार के बदलते रिश्तों पर आधारित है। लखनऊ में सेट इस फिल्म में एक बुजुर्ग दंपति की कहानी दिखाई गई है, जो पान की दुकान चलाते हैं और बदलते समय व दूरियों के बीच अपने रिश्तों को संभालने की कोशिश करते हैं। मीता वशिष्ठ और यशपाल शर्मा के शानदार अभिनय से फिल्म में सच्चाई और गहराई महसूस होती है।
फिल्म में म्यूजिक बहुत अहम भूमिका निभाता है। इसमें गाने श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी, शान के साथ-साथ जाजिम शर्मा और सलमान अली ने गाए हैं, और म्यूजिक जाजिम शर्मा ने कंपोज़ किया है। पारंपरिक धुनों से सजे ये गाने रोमांस, खुशी और इमोशनल पलों को खूबसूरती से दर्शाते हैं। फिल्म में लखनऊ को सिर्फ लोकेशन नहीं, बल्कि एक एहसास के रूप में दिखाया गया है। पान की दुकान यहां विरासत और लोगों को जोड़ने की एक पहचान बनती है। साथ ही, फिल्म उन लोगों के नजरिए को भी दिखाती है, जो अपने अपनों के दूर जाने के बाद पीछे रह जाते हैं और उस दूरी से परिवारों में पैदा होने वाले मन के खालीपन को महसूस करते हैं।
फिल्म के बारे में बात करते हुए, डायरेक्टर विजय भोला ने कहा, “मैंने U.K में स्टेज पर श्रेया घोषाल, अरिजीत सिंह, विशाल-शेखर, सोनू निगम, सुनिधि चौहान, बप्पी लाहिड़ी, विशाल मिश्रा, जावेद अली, बादशाह, किशोर कुमार, शंकर-एहसान-लॉय जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम किया है। लाइव शो बड़े पैमाने पर होते हैं, लेकिन कहीं न कहीं मैं ऐसी कहानी कहना चाहता था जो सिर्फ़ एक रात के लिए मनोरंजन न करे, बल्कि लोगों के दिलों में लंबे समय तक बस जाए। इसी चाहत ने मुझे ‘मिस्टर पानवाला’ बनाने के लिए प्रेरणा दी।”
उन्होंने आगे कहा, “म्यूजिक हमेशा मेरे काम का अहम हिस्सा रहा है, और इस फिल्म के लिए इतने बेहतरीन कलाकारों को एक साथ लाना मेरे लिए बहुत खास अनुभव था। मैं उन सभी का शुक्रगुज़ार हूँ कि उन्होंने मेरे साथ मिलकर काम किया और मेरी फिल्म का हिस्सा बने। यह फिल्म मेरे दिल के बहुत करीब है; यह परिवारों, पुरानी पीढ़ी, प्यार और उन जज़्बाती दूरियों की कहानी है जिनके बारे में हम अक्सर खुलकर बात नहीं करते।”
लंदन प्रीमियर के दौरान फिल्म को वहाँ मौजूद कई कलाकारों से सराहना मिली, जिनमें बादशाह और विशाल ददलानी भी शामिल थे। बादशाह ने कहा, “किसी बड़े कॉन्सर्ट ऑर्गनाइज़र का डायरेक्टर बनना आसान नहीं होता, यह बहुत कम देखने को मिलता है। लेकिन यह सच में दिखाता है कि जुनून और कुछ कर दिखाने की चाहत आपको कहीं भी ले जा सकता है।” वहीं विशाल ददलानी ने कहा, “जब आप कोई गाना सुनते हैं और तुरंत उससे जुड़ाव महसूस करते हैं, तो आप समझ जाते हैं कि वह कुछ ख़ास है। विजय का संगीत के लिए प्यार इस फिल्म में साफ झलकता है । संगीतकार जाज़िम एक और नई प्रतिभा हैं, जिन्हें उन्होंने खोजा है। ऐसे नए टैलेंट को पहचानना और उनकी प्रतिभा को सही जगह देना एक खास हुनर है, जिसे वही समझ सकता है जिसे संगीत की गहरी समझ हो।“
एक कॉन्सर्ट ऑर्गनाइज़र के तौर पर 40 सालों की सफलता के बावजूद, विजय भोला के लिए फिल्म बनाना एक बहुत ही खास और व्यक्तिगत उपलब्धि है। ‘मिस्टर पानवाला’ के ज़रिए, उन्हें उम्मीद है कि वह दुनिया भर के दर्शकों से जुड़ पाएंगे, खासकर प्रवासी भारतीयों से और उन लोगों से जो अपने घर से दूर रहते हैं और फिल्म की इस कहानी से खुद को जोड़ पाएंगे। फिल्म को यूट्यूब पर रिलीज करने का फैसला भी इसी सोच के साथ लिया गया है, ताकि यह ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके।
YouTube पर ‘मिस्टर पानवाला’ अपनी शानदार कहानी और म्यूजिक के साथ दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचने के लिए तैयार है। भारत के कुछ सबसे पसंदीदा गायकों की आवाज और एक दिल को छू लेने वाली कहानी के साथ, विजय भोला की यह पहली फिल्म एक नई शुरुआत है, जो दर्शकों से सिर्फ़ अपने बड़े पैमाने के ज़रिए ही नहीं, बल्कि अपनी भावनाओं के ज़रिए सीधे दिल से जुड़ने की कोशिश करती है।