सीरियल

उड़ने की आशा में आया ट्विस्ट सचिन-साइली की दुनिया हिल गई

अमृतसर में नया ट्विस्ट! ‘उड़ने की आशा’ में सिमरन बनकर हिमांशी पराशर की एंट्री से हिली सचिन-साइली की दुनिया

स्टार प्लस के पॉपुलर शो ‘उड़ने की आशा’ में हिमांशी पाराशर की सिमरन के रूप में बहुप्रतीक्षित एंट्री होनेवाली है। उनकी एंट्री कहानी में एक बड़ा मोड़ लेकर आनेवाली है। अमृतसर के खूबसूरत बैकड्रॉप पर आधारित इस कहानी में अब एक इमोशनल टर्न देखने को मिलेगा, जहाँ सचिन (कंवर ढिल्लों) शहर में एक ड्राइवर के तौर पर काम करता नजर आ रहा है। वहीं, साइली (नेहा हरसोरा) भी अमृतसर पहुँचती है, लेकिन उसे आनेवाले बदलावों का जरा भी अंदाजा नहीं है।

इस सब के पीछे एक गहरी उथल-पुथल छिपी है। सचिन अपने दिल में एक बड़ा दुख लेकर काम पर निकल गया है, क्योंकि उसे यकीन है कि साइली ने उसे धोखा दिया है और उसका भरोसा तोड़ा है। आमने-सामने बात करने के बजाय उसने दूरी बनाना बेहतर समझा और अपना दर्द काम में भुलाने की उम्मीद लिए वह अमृतसर चला गया। उससे बेखबर, साइली भी उसी शहर पहुँच जाती है, इस इरादे के साथ कि वह सचिन का टूटा हुआ दिल जोड़ेगी और उन गलतफहमियों को दूर करेगी जिन्होंने उन्हें अलग कर दिया है। इसी इमोशनल सफर के दौरान, सचिन की मुलाकात सिमरन (हिमांशी पाराशर) से होती है।

अपने किरदार सिमरन के बारे में बात करते हुए हिमांशी पाराशर ने कहा, “जब मुझे ‘उड़ने की आशा’ में इस स्पेशल अपीयरेंस के लिए पूछा गया, तो वैसे तो मैं कैमियो रोल करना ज्यादा पसंद नहीं करती, लेकिन यह किरदार पंजाबी है और रंगों व जिंदगी से भरपूर है, इसलिए मैं इसे छोड़ना नहीं चाहती थी। स्टार प्लस मुझे घर जैसा लगता है, तो मैं मना नहीं कर पाई। मैं सिमरन का रोल निभा रही हूँ, जिसे सिम्मी भी कहा जाता है। सचिन की कार के सामने उसकी एंट्री मेरा पहला शॉट था, और वह काफी यादगार रहा क्योंकि सेट पर हमारे साथ एक छोटा सा प्रैंक (मजाक) भी हुआ! कुल मिलाकर यह बहुत अच्छा अनुभव रहा।”

​उन्होंने आगे कहा, “सिमरन कहानी में अनचाहे मोड़ लेकर आएगी। मुझे ‘उड़ने की आशा’ की जो बात सबसे अच्छी लगती है, वह यह है कि यह शो हल्का-फुल्का होने के साथ-साथ काफी रीयलिस्टिक भी है। हम आनेवाले ट्रैक की शूटिंग को बहुत एन्जॉय कर रहे हैं, और मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को इसे देखने में उतना ही मजा आएगा जितना हमें इसे निभाने में आ रहा है। आप सबके प्यार के लिए शुक्रिया।”

क्या सचिन की वफादारी की परीक्षा होगी? क्या साइली गलतफहमियों के गहराने से पहले सचिन तक पहुँच पाएगी? या सिमरन की यह रंगीन एंट्री उनके रिश्तों की परिभाषा हमेशा के लिए बदल देगी?

​जैसे-जैसे अमृतसर में यह कहानी आगे बढ़ेगी, रिश्तों पर सवाल उठेंगे और शायद तकदीर भी अपना रास्ता बदल ले। एक बात तो तय है, यह नया चैप्टर ‘उड़ने की आशा’ के दर्शकों के लिए जबरदस्त ड्रामा, नए विजुअल्स और रोमांचक पल लेकर आनेवाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button