जिशू सेनगुप्ता-रोल छोटा हो या बड़ा असरदार होना जरूरी
‘भूत बंगला’ से हॉरर-कॉमेडी में एंट्री करेंगे जिशू सेनगुप्ता, बोले- रोल छोटा हो या बड़ा, असरदार होना जरूरी
मुंबई। बंगाली सिनेमा के दमदार अभिनेता जिशू सेनगुप्ता अब हिंदी दर्शकों के बीच अपनी नई फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म के जरिए वह पहली बार हॉरर-कॉमेडी जॉनर में कदम रख रहे हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म का निर्देशन दिग्गज फिल्मकार प्रियदर्शन कर रहे हैं, जिनके साथ काम करना जिशू के लिए एक खास अनुभव रहा।

जिशू सेनगुप्ता ने स्क्रीन ग्राफिया’ से खास बातचीत में बताया कि ‘भूत बंगला’ का सफर 2024 में शुरू हुआ, जब प्रियदर्शन का उन्हें फोन आया। “उन्होंने सिर्फ इतना पूछा कि क्या मैं उनकी फिल्म में काम करूंगा, और मैंने तुरंत हां कह दिया। बाद में पता चला कि जिस किरदार के लिए मुझे लिया गया, उसे स्क्रिप्ट लिखते समय से ही मेरे लिए सोचा गया था,” जिशू ने कहा।
फिल्म में जिशू ‘वसुदेव’ नाम का किरदार निभा रहे हैं, जो कई परतों वाला है। हालांकि, उन्होंने कहानी को लेकर ज्यादा खुलासा करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि दर्शकों को यह किरदार फिल्म देखते हुए धीरे-धीरे समझ आएगा।
दिग्गजों के साथ काम करने का मिला मौका
फिल्म के सेट का अनुभव साझा करते हुए जिशू ने बताया कि परेश रावल, राजपाल यादव और तब्बू जैसे अनुभवी कलाकारों के साथ काम करना बेहद प्रेरणादायक रहा। “उनकी कार्यशैली और अनुशासन से बहुत कुछ सीखने को मिला,” उन्होंने कहा।
वहीं, अक्षय कुमार के साथ काम करने का अनुभव भी मजेदार रहा। जिशू ने हंसते हुए बताया कि सेट पर अक्सर शरारतें होती थीं, लेकिन वह ज्यादातर उनसे बच जाते थे क्योंकि वह अक्षय के ‘ग्रुप’ में शामिल थे।
पहली बार हॉरर-कॉमेडी का अनुभव
जिशू के मुताबिक, हॉरर-कॉमेडी में काम करना उनके लिए नया और चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा। “इस जॉनर में डर और हास्य का संतुलन बनाना आसान नहीं होता, लेकिन यही इसकी खासियत भी है,” उन्होंने कहा।
रोल चुनने का अलग नजरिया
फिल्मों के चयन को लेकर जिशू का नजरिया साफ है। वह कहते हैं कि वह हर ऑफर स्वीकार नहीं करते। “मैं पहले यह सोचता हूं कि अगर मेरा किरदार कहानी से हटा दिया जाए तो क्या फर्क पड़ेगा। अगर कहानी पर असर नहीं पड़ता, तो मैं वह रोल नहीं करता,” उन्होंने बताया।
दक्षिण और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में भी सक्रिय
जिशू ने बताया कि उन्होंने तेलुगू फिल्मों में भी काम किया है और भाषा की चुनौती को सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा माना। इसके अलावा, हाल ही में उन्होंने बांग्लादेशी फिल्म ‘बरबाद’ में भी काम किया, जिसमें शाकिब खान मुख्य भूमिका में थे।
क्रिकेट है फिटनेस का राज
अपनी फिटनेस को लेकर जिशू ने कहा कि क्रिकेट उनके जीवन का अहम हिस्सा है। “मैं पहले खुद को क्रिकेटर मानता हूं और फिर अभिनेता,” उन्होंने कहा।
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
‘भूत बंगला’ का पेड प्रीव्यू 16 अप्रैल को रात 9 बजे रखा गया है, जबकि फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि जिशू सेनगुप्ता का यह नया अंदाज दर्शकों को कितना पसंद आता है।