जियो स्टुडियोज और ‘मुंबई फिल्म कंपनी’ की ओर से ‘राजा शिवाजी’ का दमदार ट्रेलर रिलीज़
जियो स्टुडियोज और ‘मुंबई फिल्म कंपनी’ के संयुक्त बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक फिल्म ‘राजा शिवाजी’ का भव्य ट्रेलर लॉन्च समारोह आज मुंबई में संपन्न हुआ। निर्माताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मराठी और हिंदी, दोनों भाषाओं में आधिकारिक तौर पर ट्रेलर रिलीज़ कर दिया है। रितेश विलासराव देशमुख द्वारा निर्देशन, अभिनय, लेखन और निर्माण—ये सभी जिम्मेदारियां संभाली गई यह फिल्म भारत के सर्वश्रेष्ठ वीर योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित है। बाल शिवाजी से राजा शिवाजी तक के सफर में ‘हिंदवी स्वराज्य’ का सपना मन में रखकर, ध्येयनिष्ठा से प्रयास करने की प्रेरणादायी यात्रा इस फिल्म में दिखाई गई है। खास बात यह है कि फिल्म में प्रचलित न रहे लेकिन बेहद महत्वपूर्ण ऐतिहासिक पहलुओं को नए दृष्टिकोण से पेश किया गया है। ट्रेलर को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स से फिल्म की रिलीज़ से पहले ही उत्सुकता चरम पर पहुंच गई है।

आज इस कार्यक्रम में जियो स्टुडियोज की अध्यक्षा ज्योति देशपांडे, निर्देशक-अभिनेता-लेखक रितेश विलासराव देशमुख, साथ ही संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, भाग्यश्री, जितेंद्र जोशी, जिनिलिया देशमुख और संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल मौजूद थे। इन सभी गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को खास आकर्षण दिया और फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी।
इस फिल्म के निर्देशक, मुख्य अभिनेता, लेखक और निर्माता रितेश विलासराव देशमुख कहते हैं, “जब हम छत्रपति शिवाजी महाराज की बात करते हैं, तो उनके अलौकिक व्यक्तित्व और महानता की व्यापकता को शब्दों में बांधना वाकई मुश्किल है। उनके प्रति हमारा आदर, श्रद्धा और प्रेम जताते समय वह हमेशा दिल की गहराइयों से निकलता है। पिछले दस सालों से मैं ‘राजा शिवाजी’ फिल्म बनाने की कोशिश कर रहा था। आखिरकार 2023 में जब हमने इस सफर की शुरुआत की, तो मन में एक अलग ही भावना थी। मानो खुद महाराज ही कह रहे हों, “अब तुम्हारा वक्त आ गया है।” क्योंकि सिर्फ सपने देखने से चीजें साकार नहीं होतीं; उन्हें हकीकत में लाने के लिए मजबूत साथ और भरोसे की जरूरत होती है। और ‘जियो स्टुडियोज’ तथा ज्योति देशपांडे ने हमारे साथ मजबूती से खड़े होकर वो हिम्मत दिखाई, उसके लिए मैं दिल से उनका आभारी हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि हमने जो सपना देखा था, उसके मान को बनाए रखने की ईमानदार कोशिश हमने की है। एक पूरी टीम के तौर पर, हम यह फिल्म महाराज के चरणों में एक विनम्र अर्पण के रूप में पेश कर रहे हैं।”
जियो स्टुडियोज की अध्यक्षा ज्योति देशपांडे ने कहा, “कलाकारों की टोली और दिल को छू लेने वाले संगीत के दम पर, ‘राजा शिवाजी’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, अस्मिता और समृद्ध इतिहास का भव्य उद्घोष है। ‘जियो स्टुडियोज’ में हमारी जुनूनी यात्रा हमेशा ऐसी कहानियां गढ़ने की रही है, जो हमारी मिट्टी में गहराई से रची-बसी हैं और फिर भी दुनियाभर के दर्शकों के दिल को छूती हैं। ‘धुरंधर’ इस दोहरी सीरीज़ की अभूतपूर्व सफलता ने मजबूती से साबित किया है कि प्रभावी, स्वदेशी कहानियों से दर्शकों का रिश्ता अटूट होता है। खासकर जब उन्हें निडरता से और भव्यता के चरम स्तर पर पेश किया जाए। ‘राजा शिवाजी’ के जरिए हम इसी परंपरा को और ऊंचाई पर ले जा रहे हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज की कहानी को नए तेज के साथ जीवंत कर रहे हैं। साहस, दूरदृष्टि और हिंदवी स्वराज्य के अद्वितीय प्रतीक, जिनकी विराट विरासत आज भी पीढ़ी-दर-पीढ़ी प्रेरणा का अखंड स्रोत है।”
वे आगे बोलीं, “इस दंतकथा के पीछे की मानवीय कहानी, उनकी बेजोड़ रणनीतिक बुद्धिमत्ता और अदम्य शौर्य को उतनी ही ताकत से उजागर करने की हमारी जिद थी। रितेश और उनकी टीम ने सिर्फ दृश्य-वैभव से आगे बढ़कर, एक नेता के गढ़े जाने का सफर, उनके मूल्य और उन्हें आकार देने वाली शक्तियों का गहरा व प्रभावी चित्रण करने वाली कहानी रची है। प्रामाणिकता, अपार भव्यता, दमदार कलाकारों की फौज और आत्मा को छू लेने वाले संगीत के दम पर ‘राजा शिवाजी’ यह फिल्म हमारी भारतीय कहानियों को दुनियाभर के दर्शकों तक उतनी ही ताकत और उतनी ही दिल को छूने वाले अंदाज़ में पहुंचाने की हमारी अडिग वचनबद्धता का प्रतीक है। यह सिर्फ एक सिनेमाई अनुभव नहीं, बल्कि भारत के गौरव को समर्पित प्रभावी श्रद्धांजलि है; जो हमारे इतिहास के पन्नों को नए तेज से जीवंत करती है और हर पीढ़ी के मन में अभिमान की लौ जलाती है।”
अभिनेत्री और निर्मात्री (मुंबई फिल्म कंपनी) जिनिलिया देशमुख ने फिल्म की निर्माण प्रक्रिया पर बात करते हुए कहा, “आज मैं बेहद भावुक हूं। इस संकल्पना को निर्माण से लेकर कला निर्देशन तक हकीकत में बदलने के लिए जिन्होंने-जिन्होंने एक साथ आकर सहयोग दिया, उस पूरी टीम की और उसमें हर एक व्यक्ति की मैं दिल से आभारी हूं। हर किसी ने अपार सकारात्मकता, दृढ़ विश्वास और निस्सीम प्रेम साथ लाया; और इन्हीं चीजों ने असल मायने में इस फिल्म को आज का यह खूबसूरत रूप दिया है। सिर्फ एक फिल्म ही नहीं, बल्कि ‘राजा शिवाजी’ उस महान विभूति को, उनके जीवनकार्य को, उनकी अमूल्य विरासत को और जिन मूल्यों का उन्होंने प्रतिनिधित्व किया, उन सबको हमारी ओर से दिया गया दिल से निकला सम्मान है। साथ ही यह सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है और यह सपना साकार करने का मौका हमें मिला, यह हमारे लिए सचमुच परम कृपा और गर्व की बात है।”
एक साधारण और संघर्षमय शुरुआत से लेकर एक अजेय योद्धा-राजा के शिखर तक पहुंचने की प्रेरणादायी यात्रा को उजागर करने वाली ‘राजा शिवाजी’ यह फिल्म मुख्य रूप से छत्रपति शिवाजी महाराज के गढ़े जाने पर केंद्रित है। मराठी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे भव्य और पैन-इंडिया स्तर पर खड़ी होने वाली परियोजनाओं में से एक के तौर पर इस फिल्म को देखा जा रहा है, और इसकी व्यापकता, नेत्रदीपक दृश्यरचना, थ्रिलिंग एक्शन और उच्च दर्जे की तकनीकी प्रस्तुति की वजह से यह पहले से ही चर्चा का केंद्र बनी हुई है। अब रिलीज़ हुए ‘राजा शिवाजी’ के ट्रेलर से दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ने वाली है।
इस फिल्म में हिंदी और मराठी फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गज कलाकार एक साथ आए हैं। इनमें संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते, जिनिलिया देशमुख और रितेश विलासराव देशमुख शामिल हैं।
‘जियो स्टुडियोज प्रस्तुत’ और ‘मुंबई फिल्म कंपनी’ निर्मित ‘राजा शिवाजी’ यह ऐतिहासिक फिल्म 1 मई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में मराठी और हिंदी भाषाओं में रिलीज़ होगी। छत्रपति शिवाजी महाराज का पराक्रम, स्वाभिमान और प्रेरणादायी जीवन-प्रवास भव्य और नेत्रदीपक तरीके से बड़े पर्दे पर साकार किया जाएगा, और यह फिल्म दर्शकों के लिए एक अविस्मरणीय सिनेमाई अनुभव साबित होगी।