सेलेब्रिटी

15 दिनों में जवाब दें; FDA की शाहरुख, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को नोटिस

मुंबई : महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पान मसाला की अप्रत्यक्ष रूप से विज्ञापन करने के मामले में अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई है। तीनों कलाकारों को नौ पन्नों की नोटिस भेजी गई है।

‘विमल इलायची’ के विज्ञापन में वर्ष 2024 में शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ तीनों एक साथ नजर आए थे। महाराष्ट्र में पान मसाला के उत्पादन, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध है। ऐसे में ‘विमल इलायची’ के जरिए पान मसाला ब्रांड का अप्रत्यक्ष विज्ञापन किए जाने पर FDA ने आपत्ति जताई है।

FDA ने 11 अगस्त को यह नोटिस जारी की है और तीनों कलाकारों को 15 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। साथ ही ‘विमल इलायची’ का विज्ञापन तत्काल बंद करने और अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स से इस विज्ञापन से संबंधित प्रमोशनल कंटेंट हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

क्या विज्ञापन से ग्राहकों को गुमराह किया जा रहा है?

FDA के मुताबिक, ‘विमल’ ब्रांड मुख्य रूप से पान मसाला से जुड़ा हुआ है। ‘विमल इलायची’ नाम का इस्तेमाल करने से उपभोक्ताओं के मन में इसका संबंध ‘विमल पान मसाला’ से होने की संभावना है। इससे प्रतिबंधित उत्पाद के ब्रांड को अप्रत्यक्ष रूप से बढ़ावा मिल सकता है और उपभोक्ताओं को गुमराह किया जा सकता है, ऐसा FDA का दावा है।

अनुबंध और भुगतान की जानकारी मांगी

FDA ने तीनों कलाकारों से विज्ञापन से संबंधित एंडोर्समेंट एग्रीमेंट की प्रतियां, विज्ञापन से जुड़ी जानकारी, भुगतान संबंधी दस्तावेज और विज्ञापन स्वीकार करने से पहले की गई ‘ड्यू डिलिजेंस’ की जानकारी मांगी है।

FDA ने स्पष्ट किया है कि भ्रामक विज्ञापन के मामले में उपभोक्ता संरक्षण कानून के तहत आर्थिक दंड का प्रावधान है। आरोप साबित होने पर जुर्माने के साथ कुछ अवधि के लिए विज्ञापन करने पर प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button