फिल्मी खबरें

महाप्रभु जगन्नाथ अपने बच्चों को यह फिल्म ज़रूर दिखाइए : बाबा रामदेव

बहुप्रतीक्षित एनिमेटेड फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ को रिलीज़ से पहले एक और बड़ा आध्यात्मिक आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। फिल्म के निर्माताओं ने हाल ही में प्रसिद्ध योग गुरु बाबा रामदेव से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान बाबा रामदेव ने फिल्म की सराहना करते हुए इसे हर परिवार और विशेष रूप से बच्चों के लिए देखने योग्य बताया।

फिल्म के बारे में अपने विचार साझा करते हुए बाबा रामदेव ने कहा, “महाप्रभु जगन्नाथ हमारे जीवन के भगवान हैं। वे हमारे सनातन के प्राण हैं। उनका जीवन, उनकी दिव्य लीलाएं, उनका चरित्र, उनके संदेश, उनकी शिक्षाएं, उनके प्रति हमारी भक्ति और श्रद्धा—यही हमारी संस्कृति का प्राण-प्रतिष्ठा है। उनसे जुड़ना ही जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है।”

फिल्म की पूरी टीम की प्रशंसा करते हुए उन्होंने आगे कहा, “जिस प्रकार इस फिल्म को बच्चों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है, ताकि उनमें हमारी संस्कृति और संस्कारों के प्रति प्रेम जागृत हो, उसके लिए मैं पूरी टीम को हृदय से बधाई देता हूं। अपने बच्चों को यह फिल्म अवश्य दिखाइए, ताकि वे अपने धर्म और संस्कृति से जुड़ सकें। हमें अपनी जड़ों की ओर लौटना होगा, अपनी संस्कृति की ओर लौटना होगा। जय जगन्नाथ।”

उच्च गुणवत्ता वाली एनीमेशन तकनीक और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के सुंदर समन्वय से बनी ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ एक संपूर्ण पारिवारिक फिल्म है। यह फिल्म बच्चों और परिवारों को मनोरंजन के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, भक्ति और सनातन परंपराओं से जोड़ने का प्रयास करती है। यह लोकप्रिय एनिमेटेड टीवी सीरीज़ ‘जय जगन्नाथ’ की शानदार सफलता के बाद एले एनिमेशंस प्राइवेट लिमिटेड की अगली बड़ी प्रस्तुति है।

फिल्म को भव्य पैन इंडिया रिलीज़ देने के लिए एले एनिमेशंस प्राइवेट लिमिटेड ने सिनेपोलिस के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत फिल्म हिंदी, ओड़िया और तेलुगु भाषाओं में देशभर के 300 से अधिक सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। इसके साथ ही फिल्म की अमेरिका, कनाडा और यूरोप में भी अंतरराष्ट्रीय रिलीज़ की तैयारी पूरी हो चुकी है।

फिल्म का निर्माण एले एनिमेशंस प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले दुर्गा प्रसाद दलई ने किया है। इसका निर्देशन श्रीपाद वारखेडकर ने किया है, जबकि पटकथा और संवाद पल्लवी शर्मा ने लिखे हैं। फिल्म के संगीतकार अविरल कुमार हैं, जिनके संगीत ने इस दिव्य कथा को और अधिक भावपूर्ण बनाया है।

17 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ इस वर्ष जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर दर्शकों के लिए एक विशेष सिनेमाई अनुभव लेकर आ रही है। भुवनेश्वर स्थित एले एनिमेशंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित इस फिल्म को पहले ही पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज की उपस्थिति में 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं के बीच हुए ऐतिहासिक ट्रेलर लॉन्च के कारण देशभर में जबरदस्त चर्चा मिल चुकी है। अब बाबा रामदेव के आशीर्वाद और समर्थन के साथ यह फिल्म भक्ति, संस्कृति और विश्वस्तरीय एनीमेशन का अद्भुत संगम बनकर करोड़ों दर्शकों के दिलों तक पहुंचने के लिए तैयार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button